रामनगर , फरवरी 04 -- उत्तराखंड के रामनगर में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्य के निर्देशन में, उप प्रभागीय वनाधिकारी एवं वन क्षेत्राधिकारी रामनगर रेंज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खनन कर रहे दो वाहनों को मौके से पकड़ा।

वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना के आधार पर कोसी नदी क्षेत्र में भेजा गया था। छापेमारी के दौरान मौके से एक मॉडिफाइड ट्रैक्टर (केकड़ा) तथा एक ट्रैक्टर को अवैध खनन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए वन चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे नदी की प्राकृतिक संरचना, वन्यजीवों और आसपास के क्षेत्रों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग की रामनगर रेंज टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। मौके पर वन दरोगा मो. इमरान, तारिक हामिद, सुरजीत सिंह और अजमत खान के साथ ही बीट अधिकारी त्रिलोक राम, जगदीश प्रसाद, पंकज रावत और अजय जौन मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीमवर्क के साथ कार्रवाई को सफल बनाया।

वन विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध खनन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी कानून का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित