रामनगर , अप्रैल 17 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामनगर के कोसी नदी क्षेत्र में शुक्रवार को कोसी नदी से उपखनिज लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रैक्टर आग के गोले में बदल गया।
रामनगर के कोसी नदी के कटियापुल गेट के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नदी से उपखनिज लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि यह अर्जुन ट्रैक्टर था, जिसका नंबर 2919 बताया जा रहा है। ट्रैक्टर में आग कैसे लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में ट्रैक्टर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आग विकराल रूप ले चुकी थी और ट्रैक्टर धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित