रामनगर,26फरवरी(वार्ता) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामनगर इकाई द्वारा छात्रसंघ उपाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में आज रामनगर महाविद्यालय परिसर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द, एकता तथा सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान पूर्व महासंघ अध्यक्ष रोहित मेहरा और पीयूष जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने छात्र जीवन में संगठन, अनुशासन और संस्कृति के महत्व पर भी प्रकाश डाला। छात्रसंघ अध्यक्ष यतिन रौतेला ने कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद बढ़ता है और महाविद्यालय का वातावरण और अधिक सौहार्दपूर्ण बनता है।

कार्यक्रम में एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नितेश शर्मा, हीरा भंडारी, कॉलेज अध्यक्ष नीरज कंडारी, कंचन पांडे, विशाखा चौहान, सूरज पांडे, ऋषभ अग्रवाल, ध्रुव, रोहित, रावत, मानसी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने रंगों के इस उत्सव को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया।

इस अवसर पर छात्र नेताओं ने कहा कि परिषद सदैव छात्रों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक होली मिलन और आपसी शुभकामनाओं के साथ हर्षोल्लास के माहौल में हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित