रामनगर , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में कॉर्बेट एवं पर्यटन नगरी रामनगर शहर में बढ़ते यातायातदबाव और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल तेज कर दी है।

रामनगर के पुरानी तहसील के पास जिला विकास प्राधिकरण के तहत प्रस्तावित इस पार्किंग को लेकर जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि परियोजना शासन के संज्ञान में है और जल्द ही इसकी ईएफसी (एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग में करीब 343 वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी, जिससे शहर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या और जाम की स्थिति से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है,उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सफारी, वीकेंड पर्यटन और विभिन्न सीजन में रामनगर में पर्यटकों की भारी आमद रहती है, जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है,ऐसे में यह पार्किंग परियोजना शहर के लिए बेहद अहम साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित