रामनगर , जनवरी 14 -- उत्तराखंड में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की बिजरानी रेंज से सटे आबादी क्षेत्र रामनगर के लखनपुर इलाके में मंगलवार देर रात एक घर में विशालकाय पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात लखनपुर में पेट्रोल पंप के पीछे करन सिंह पुत्र शिव सिंह के मकान पर रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर एक विशालकाय सूखा पेड़ अचानक टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने से मकान की छत का लेंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बड़ा छेद बन गया, जिससे घर को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के समय करन सिंह, पत्नी और बच्चे कमरे के अंदर सो रहे थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से पूरे परिवार की नींद खुल गई। करन सिंह ने बताया कि जब सूखा पेड़ छत पर गिरा तो आवाज इतनी भयावह थी कि उन्हें ऐसा लगा मानो कोई ब्लास्ट हो गया हो। पेड़ गिरते ही छत का लेंटर टूट गया और ईंटें कमरे के अंदर गिर पड़ीं। उन्होंने बताया कि ईंटें ठीक उनके बेड के पास गिरीं, जहां वे परिवार के साथ सो रहे थे। गनीमत रही कि मलबा सीधे उनके ऊपर नहीं गिरा, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित