रामनगर , मार्च 01 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर के पिरूमदरा चौकी क्षेत्र के थारी-कांडला में रविवार सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष ने गांजा पकड़वाने की रंजिश में पड़ोसी और उसके साथियों पर घरों में घुसकर गोलियां चलाने का आरोप लगाया है।

रामनगर के पिरूमदरा चौकी अंतर्गत थारी-कांडला क्षेत्र में सुबह करीब दस बजे अचानक गोलियां चलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित गुरमीत सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही एक युवक को आठ-नौ किलो गांजे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जो उनके पड़ोसी अर्जुन सिंह का रिश्तेदार है,तभी से अर्जुन सिंह उन्हें इस मामले में शक की नजर से देख रहा था और रंजिश रखे हुए था।

गुरमीत के अनुसार अर्जुन सिंह बाहर से आने वाले कुछ युवकों के साथ मिलकर गांव में लोगों को धमकाता था और उसके ट्रेक्टर के ड्राइवर पर भी अपने यहां काम करने का दबाव बना रहा था। गुरमीत सिंह ने बताया कि ज सुबह क्रेशर के पास अर्जुन सिंह ने उनके ड्राइवर के साथ फिर अभद्रता की और उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी,इसके बाद वे अपने घर लौट आए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद अर्जुन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी,अचानक हुई गोलीबारी से घर में मौजूद बच्चे और महिलाएं दहशत में आ गए और पड़ोसियों के घरों में छिपकर जान बचायी।

आरोप है कि हमलावरों ने पास के एक अन्य घर पर भी गोलीबारी की,गुरमीत सिंह की पड़ोसन सुखविंदर कौर ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को कमरे में बंद कर किसी तरह जान बचाई। उनका आरोप है कि हमलावर गांजा बेचने का काम करते हैं और अपने रिश्तेदार की गिरफ्तारी के बाद से गांव के लोगों पर शक कर धमका रहे थे।

सीओ सुमित पांडे ने कहा कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पिरूमदरा चौकी ,रामनगर कोतवाली पुलिस और वह मौके पर पहुंचे, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले गांजा तस्करी के मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर गलतफहमी और रंजिश के चलते आरोपियों ने डराने-धमकाने के लिए गोलीबारी की।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और एक युवक रोहित गुर्जर का नाम सामने आया है, जिस पर पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित