रामनगर,03मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर-काशीपुर मार्ग पर देर रात एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर रामनगर के टांडा क्षेत्र के पास हुआ,दुर्घटना में डंपर चालक को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य वाहन मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के नंबरों का एक डंपर काशीपुर की ओर जा रहा था। देर रात होने के कारण हाईवे पर यातायात अपेक्षाकृत कम था, लेकिन अत्यधिक रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अचानक संतुलन बिगड़ने पर डंपर सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल यातायात को नियंत्रित करते हुए क्षतिग्रस्त डंपर को सड़क से हटवाया। कुछ समय की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित