अयोध्या , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
मुख्यमंत्री का आगमन रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर हुआ, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और संकटमोचन भगवान हनुमान के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी के संत-महंतों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम भी जाना तथा धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की। हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने रामलला के समक्ष श्रद्धापूर्वक शीश नवाया और विधिवत दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और रामलला का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अयोध्या में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित