रामगढ़ , अप्रैल 06 -- झारखंड के रामगढ़ जिले में राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित एसआईटी टीम को बड़ी सफलता मिली है।
गुप्त सूचना के आधार पर भूरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में लगातार छापामारी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह क्षेत्र में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आलोक में पुलिस टीम ने भूरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।
छापामारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा, जिसने पुलिस वाहन को देखते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में गोली लगी, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फायरिंग करने वाला अपराधी घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पूछताछ में उसने अपना नाम सनी सिंह, निवासी रैलीगढ़ा बताया। घायल अपराधी को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार (बैंडेज-पट्टी) करने के बाद तत्काल सीसीएल अस्पताल, भूरकुंडा भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित