इटावा , जुलाई 11 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने इटावा और सैफई क्षेत्र के रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के समक्ष दर्जनभर मांगें रखीं हैं। उन्होंने इटावा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सैफई स्टेशन के उन्नयन की मांग की। प्रो. यादव ने प्रयागराज रेल मंडल क्षेत्र से संबंधित लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों की बैठक में कहा कि दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सुबह साढ़े पांच बजे मगध एक्सप्रेस और सुबह साढ़े नौ बजे गोमती एक्सप्रेस के बाद सीधे शाम साढ़े तीन बजे महानंदा एक्सप्रेस उपलब्ध होती है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में यात्रियों के लिए केवल गोमती एक्सप्रेस का विकल्प रहता है, जिसमें पहले से ही लगभग एक हजार दैनिक यात्री यात्रा करते हैं। ऐसे में कानपुर से चलकर सीधे अलीगढ़ जाने वाली और सुबह करीब 11 बजे इटावा से गुजरने वाली अप स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का इटावा स्टेशन पर ठहराव अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने डाउन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस का भी इटावा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि इटावा से अजमेर जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो सके।

प्रो. यादव ने इटावा रेलवे स्टेशन के बुनियादी ढांचे में सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी की ओर नई स्टेशन बिल्डिंग बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक चालू नहीं हो सकी है। उन्होंने वृद्ध और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए वहां तत्काल एस्केलेटर लगाने की मांग की। साथ ही नई स्टेशन बिल्डिंग के पास बने नए फुट ओवरब्रिज को प्लेटफॉर्म-1 से जोड़ने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म-1 को प्लेटफॉर्म-2, 3, 4 और 5 से जोड़ने वाला पुराना पुल बंद पड़ा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसे पुनः चालू किया जाना चाहिए। प्रो. यादव ने कहा कि इटावा रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 22 से 24 हजार यात्रियों का आवागमन होता है और यह प्रयागराज, कानपुर और अलीगढ़ के बाद प्रयागराज मंडल का चौथा सबसे व्यस्त स्टेशन है। इसके बावजूद प्लेटफॉर्म-1, 2, 3, 4 और 5 पर पर्याप्त टीनशेड नहीं हैं, जिससे बरसात के मौसम में यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त टीनशेड की व्यवस्था करने की मांग की।

प्रो यादव ने कहा कि प्लेटफॉर्म-1, 4 और 5 की लंबाई कम होने के कारण कई बार दिव्यांग और सामान्य श्रेणी के डिब्बे प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। इसलिए इन प्लेटफॉर्मों की लंबाई बढ़ाई जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त प्रो. रामगोपाल यादव ने सैफई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, स्टेशन का उन्नयन करने तथा वहां की बदहाल व्यवस्थाओं में सुधार करने की भी मांग उठाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित