रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पूर्व पार्टी कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए गुरुवार को कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी एवं लोकतांत्रिक दोनों स्तरों पर संघर्ष करेगी।
छत्तीसगढ़ पुलिस के भ्रष्टाचार विरोधी दस्ते (आर्थिक अपराध शाखा) ने श्री अग्रवाल को बुधवार को गिरफ्तार किया।
प्रदेश कांग्रेस ने एक बयान में आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाती रही है। पार्टी का कहना है कि अब राज्य की जांच एजेंसी का उपयोग भी इसी उद्देश्य से किया जा रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग (आईटी) जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कांग्रेस की छवि धूमिल करने और उसके नेताओं को परेशान करने के लिए किया। पार्टी के अनुसार, जिन मामलों में ईडी को कोई ठोस परिणाम नहीं मिला, उन्हीं मामलों की जांच अब आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) से करायी जा रही है।
पार्टी ने दावा किया कि यह मामला न्यायालय में टिक नहीं पाएगा और वहां भाजपा का कथित राजनीतिक षड्यंत्र उजागर होगा। पार्टी ने कहा कि वह इस पूरे प्रकरण के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ कानूनी एवं लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगी और भाजपा के कथित षड्यंत्रों को जनता के बीच भी उजागर करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित