रायपुर , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राजीव गांधी चौक पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा, "विपक्ष के नेताओं को टारगेट बनाकर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग भाजपा कर रही है। यह हिटलरशाही नहीं चलेगी। भाजपा दबाव की राजनीति कर रही है। कांग्रेस डरने वालों में से नहीं है। कांग्रेस पहले अंग्रेजों से लड़ी थी, अब भाजपा के हिटलरशाही सरकार से लड़ रहे हैं।"कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिन मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सका, उन्हीं मामलों की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) से कराई जा रही है। उनका दावा है कि यह मामला अदालत में नहीं टिकेगा और भाजपा का षड्यंत्र उजागर हो जाएगा। पार्टी ने कहा कि वह इस प्रकरण में कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगी तथा जनता के बीच भी अपना पक्ष रखेगी।
नेताओं ने कहा कि पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। इसी के विरोध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित