रांची , जुलाई 08 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए हथियार बनाने के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया केके कोलियरी (दत्तो कोलियरी) स्थित पंचायत भवन के पीछे एक घर में चल रहे इस अवैध कारोबार पर छापेमारी कर पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन स्प्रिंग, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन समेत हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई उपकरण और सामग्री बरामद की है।
वहीं बरामद अर्धनिर्मित पिस्टलों पर 'मेड इन जापान'अंकित मिला है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह केवल भ्रामक निशान है या इसके पीछे किसी बड़े अवैध हथियार गिरोह का संबंध है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा के घर पर छापा मारा, जहां अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान दिनेश विश्वकर्मा और उसकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज के रहने वाले हैं। वहीं, दिनेश के भाई अनिल विश्वकर्मा को भी सौंदा क्षेत्र से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस ने घर से कई अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। उनके अनुसार, दिनेश का परिवार पिछले करीब दस वर्षों से इलाके में रह रहा था और लोग उन्हें लोहार का काम करने वाला परिवार समझते थे।
पुलिस अब इस अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क के अन्य सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला और संभावित खरीदारों की पहचान करने में जुटी है। मामले की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित