रामगढ़ , फरवरी 17 -- झारखंड के रामगढ़ जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है।

उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज और ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने मंगलवार को संयुक्त रूप से फीता काटकर "ट्रांस कैफे" का उद्घाटन किया। यह कैफे पूरी तरह ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा संचालित होगा, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कैफे का उद्घाटन छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क परिसर में किया गया। यह पहल जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी और किन्नर उत्थान समिति के सहयोग से संचालित की जा रही है। मौके पर श्री मुमताज ने कहा कि ट्रांस कैफे का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना, उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

श्री मुमताज ने कहा कि इस कैफे से न केवल समुदाय को रोजगार मिलेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संवेदनशीलता और स्वीकार्यता भी बढ़ेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल से जुड़कर ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रयासों को प्रोत्साहित करें और "हर कप के साथ एक सपने को समर्थन" देने के अभियान का हिस्सा बनें।

प्रशासन के अनुसार यह पहल सामाजिक समावेशन, सम्मानजनक रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर खोलते हुए समानता व आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। ट्रांसजेंडर कैफे की शुरुआत करने में उत्थान सीबीओ संस्था एवं संस्था की सुनीता कौर का भी सहयोग रहा। इस दौरान उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित