रामगढ़ , जुलाई 24 -- झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, रांची) ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए रामगढ़ को 'बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट' घोषित किया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रामगढ़ जिले ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2026 की पहली तिमाही में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, उच्च गुणवत्ता वाली प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी) सुनिश्चित करने तथा सेवा वितरण में उल्लेखनीय सुधार के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। राज्यस्तरीय समारोह में रामगढ़ जिले की ओर से डॉ. विश्वनाथ उरांव एवं गोला के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अपराजित ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार एवं पीएमएसएमए के नोडल पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि यह सम्मान जिले के सभी चिकित्सकों, एएनएम और सहिया बहनों के सामूहिक प्रयास एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत की है।
डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की चारों प्रसव पूर्व जांच (4 एएनसी) अनुभवी चिकित्सकों की निगरानी में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कराई जा रही है, जिससे समय रहते जोखिम की पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि इस सम्मान से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है और जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आदर्श बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित