रांची , अप्रैल 27 -- झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पतरातू क्षेत्र से की गई, जहां आरोपी के पास से 9 एमएम का पिस्टल भी बरामद हुआ है।
एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया किपुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने सोलिया गांव में कार्रवाई करते हुए अनीश अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से 9 एमएम पिस्टल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह हथियार उसे राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य ने रखने के लिए दिया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने इसी पिस्टल से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार अनीश अंसारी के खिलाफ पहले से भी पतरातू थाना में मामला दर्ज है।
इस छापेमारी अभियान में इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानी नगर ओपी प्रभारी अख्तर अली समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित