रामगढ़ , मई 11 -- झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में 21 अप्रैल को हुई डकैती कांड के उद्भेदन में रामगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से जमीन में गाड़कर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सोमवार को बताया कि उनके निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार इस कांड की जांच में जुटी थी। इससे पूर्व 24 अप्रैल को पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। उनके पास से लगभग 180 पीस सोने-चांदी के आभूषण, एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए थे।
कांड में लूटे गए शेष जेवरात की बरामदगी और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 10 मई को गुप्त सूचना के आधार पर मांडू थाना क्षेत्र के बरकटी गांव में छापेमारी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कांड का मुख्य आरोपी सुमानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातून ने अपने घर की जमीन में लूट के जेवर छिपाकर रखे हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जमीन खोदकर सोने और चांदी जैसे धातु के आभूषण बरामद किए। मौके से नाजमा खातून (40 वर्ष) तथा उसके दामाद शहनवाज हुसैन (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद सामानों में सोने जैसा एक हार, दो झुमके तथा चांदी जैसी 134 पीस चूड़ी, कंगन और अंगूठियां शामिल हैं।
बरामद चांदी जैसे आभूषणों का कुल वजन लगभग 1.35 किलोग्राम तथा सोने जैसे धातु का वजन 49 ग्राम बताया गया है। एसपी ने बताया कि डकैती कांड में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जल्द ही पूरे गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित