रामगढ़ , जुलाई 06 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि रांची, रामगढ़ और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़ा कुख्यात अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर गई थी।

एसपी ने बताया कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से दो पिस्टल, करीब 60 जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके धनबाद के कुख्यात प्रिंस खान गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उसकी आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित