रामगढ़ , मई 11 -- झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला थाना क्षेत्र के उपर खखरा टोला, पथलगड़ा में संचालित अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई का रामगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, स्प्रिट, लेबल, ढक्कन, बोतलें और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सोमवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के उपर खखरा टोला स्थित एक बंद घर में अवैध रूप से विदेशी शराब का निर्माण कर उसका भंडारण किया जा रहा है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। मौके से पुलिस ने मनोज मुर्मू (26), पिता भगतु मांझी, निवासी उपर खखरा टोला, पथलगड़ा तथा भदरू सिंह (42), पिता शंभु सिंह, निवासी चौपादार, थाना गोला को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर तीन अन्य घरों में भी छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि आरोपित विभिन्न ब्रांड के नाम पर नकली शराब तैयार करते थे। शराब की बोतलों पर फर्जी होलोग्राम, स्टिकर और लेबल लगाकर उसे बाजार में खपाया जाता था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की करीब 250 पेटी विदेशी शराब, छह ड्रमों में लगभग 1800 लीटर तैयार शराब, 120 लीटर मॉल्ट, 40 हजार लेबल, 20 हजार ढक्कन (सील), 250 खाली कार्टन, 50 पानी के जार, 1600 लीटर रंग मिश्रित तरल पदार्थ, 20 हजार खाली बोतलें, 20 हजार स्टिकर, दो अल्कोहल मीटर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
इस मामले में गोला थाना कांड संख्या 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित