रामगढ़ , मार्च 17 -- झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित पतरातू सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (चरण-एक) की दूसरी 800 मेगावाट क्षमता वाली इकाई का मंगलवार प्रातः सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइजेशन किया गया।
यह उपलब्धि परियोजना की प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। मौके पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ए.के. सहगल सहित परियोजना से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अनुपम मुखर्जी (मुख्य महाप्रबंधक-परियोजना), मनीष खेतरपाल (महाप्रबंधक-ओ एंड एम), बिश्नु दत्ता दास (महाप्रबंधक-परियोजना), ओ.पी. सोलंकी (महाप्रबंधक-मेंटेनेंस), जोगेश चंद्र पात्रा (महाप्रबंधक-कमीशनिंग) एवं जियाउर रहमान (एचओएचआर) प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस अवसर पर सीईओ ए.के. सहगल ने पीवीयूएनएल और बीएचईएल की टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन चुनौतियों के बावजूद इस उपलब्धि को हासिल करना टीम की प्रतिबद्धता और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि यूनिट-2 का सफल सिंक्रोनाइजेशन उत्कृष्ट टीमवर्क, सूक्ष्म योजना और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने इसे ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल परियोजना के लिए, बल्कि क्षेत्र के ऊर्जा-सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी एक अहम कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित