रामनगर , मार्च 03 -- उत्तराखंड में रामनगर के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच बहने वाली रामगंगा नदी से एक रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो मंगलवार को सामने आया। यह दृश्य मर्चुला के प्रसिद्ध क्रोकोडाइल प्वाइंट का बताया जा रहा है, जहां मगरमच्छ ने अपनी फुर्ती और घातक अंदाज से एक हिरण (काकड़) का शिकार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वीडियो वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों द्वारा रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हिरण बेखबर होकर नदी किनारे पहुंचता है, उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं होता कि उसके बगल में लकड़ी की तरह लेटा एक मगरमच्छ घात लगाए बैठा है, जैसे ही हिरण मगरमच्छ के बेहद करीब पहुंचता है, मगरमच्छ बिजली की रफ्तार से हमला करता है, पलक झपकते ही वह अपने मजबूत जबड़ों में उसको जकड़ लेता है। जब तक हिरण कुछ समझ पाता, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। मगरमच्छ उसे तेजी से घसीटते हुए रामगंगा नदी के गहरे पानी में ले जाता है और कुछ ही क्षणों में दोनों पानी के भीतर ओझल हो जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित