सिलीगुड़ी , जुलाई 01 -- पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम ने 'शाश्वत भारत' नाम से एक मूल्य-आधारित शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की है जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवाओं के चरित्र-निर्माण तथा उनके व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है।

स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित इस पहल में युवाओं के समग्र विकास पर जोर दिया गया है। इसके तहत प्रेरक सत्र, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं, ध्यान, आपसी चर्चाएं, शैक्षणिक प्रदर्शनियां, वृतिचित्र स्क्रीनिंग और पर्यावरण जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण विशेष रूप से तैयार किया गया एक प्रदर्शनी वाहन है, जिस पर स्वामी विवेकानंद की एक विशाल प्रतिमा स्थापित की गयी है। यह वाहन जलपाईगुड़ी और उसके आसपास के जिलों के स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जाकर मूल्य-आधारित शिक्षा का संदेश फैलायेगा।

जलपाईगुड़ी रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी शिवप्रेमानन्द ने इस पहल के बारे में कहा, "'शाश्वत भारत' का उद्देश्य नैतिक रूप से मजबूत, आत्मविश्वासी और समाज के प्रति जिम्मेदार युवा नागरिक तैयार करना है। आज की आधुनिक शिक्षा जहाँ छात्रों को आजीविका कमाने के योग्य बनाती है, वहीं मूल्य-आधारित शिक्षा उन्हें समाज और देश की सेवा के लिए एक सार्थक जीवन जीना सिखाती है।"श्री शिवप्रेमानंद ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में किताबें पढ़ने की आदत को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए उन्हें श्री रामकृष्ण, श्री शारदा देवी और स्वामी विवेकानंद के जीवन तथा उनकी शिक्षाओं पर आधारित पुस्तकें बांटी जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित