पटना , मई 13 -- बिहार के सहकारिता मंत्री ने रामकृपाल यादव ने सुधा मॉडल की तर्ज पर बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) के माध्यम से राज्य में सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित करने के लिये पायलट परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये हैं।

सहकारिता विभाग के मंत्री श्री यादव की अध्यक्षता में आज विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।समीक्षा बैठक में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय संरचना, विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से माननीय मंत्री श्री यादव को अवगत कराया गया।

मंत्री श्री यादव ने समीक्षा बैठक में विभागीय पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मंत्री श्री यादव ने सुधा मॉडल की तर्ज पर बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) के माध्यम से राज्य में सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित करने के लिये पायलट परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस पहल से सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा विपणन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

श्री यादव ने मधुबनी जिले के सकरी एवं दरभंगा जिले के रैयाम स्थित बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः संचालित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। साथ ही शहद उत्पादक सहकारी समितियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा इनके विस्तार के लिये प्रभावी रणनीति तैयार करने को कहा। उन्होंने अनुमंडल स्तर पर विभागीय कार्यालय परिसर निर्माण के लिये प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिये, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अधिक दक्षता एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित