जोधपुर , जुलाई 07 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रामकथा को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बताया है और कहा है कि यह लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा, सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
श्री बिरला मंगलवार को जोधपुर प्रवास के दौरान केलावा खुर्द स्थित रघुवंशपुरम आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने श्री अर्धनारीश्वर शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आयोजित भव्य श्रीराम कथा में सहभागिता की और इस अवसर पर यह बात कही। इस दौरान उन्होंने व्यास पीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्री मुरलीधर महाराज से श्रीराम कथा का श्रवण किया।
उन्होंने अपने संबोधन कहा कि भारत आध्यात्म, योग, धर्म और संस्कृति की अनादि परंपरा की भूमि है। योग और ऋषि परंपरा नेपूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि योग ऋषि बाबा रामदेव लोगों को स्वस्थ बनाने के साथ-साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की प्रेरणा भी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री मुरलीधर महाराज रामकथा के माध्यम से भारत सहित विश्वभर में भारतीय संस्कृति और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचा रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, करुणा, नैतिकता और संस्कृति के संवाहक भी हैं। अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। भगवान शिव त्याग और लोककल्याण के प्रतीक हैं, जबकि माता पार्वती करुणा और ममता का स्वरूप हैं। अर्धनारीश्वर का स्वरूप समाज को संतुलन, समानता और समन्वय का संदेश देता है।
श्री बिरला ने सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान श्रीराम एवं शिव-पार्वती का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रघुवंशपुरम आश्रम स्थित केशव प्रिया गौशाला का भ्रमण कर गौसेवा के कार्यों की सराहना भी की। कार्यक्रम में योग ऋषि बाबा रामदेव, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सांसद पी पी चौधरी, विधायक भेरा राम चौधरी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित