पटना , जून 06 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने शनिवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सरकारी सुरक्षा लौटाकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंसूबों की पोल खोल दी है।

श्री यादव ने कहा कि राजग सरकार ने पिछले दिनों लालू-राबड़ी परिवार के सदस्यों को अपमानित करने के इरादे से उनकी सुरक्षा व्यवस्था घटाई थी और आज राबड़ी देवी ने उनकी सुरक्षा वापस लौटाकर उनके इरादों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि एक ऐसी सरकार जो अपने जिला स्तर और बहुत कम हैसियत वाले नेताओं को मानकों की प्रवाह किये बिना उच्च सुरक्षा प्रदान कर रही है, वही दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में कटौती कर क्या संदेश देना चाहती है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा में कटौती तो एक बहाना है और असली मनसा तो विपक्ष को कुचलने की नीति से जुड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा ही बर्ताव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ क्यों नहीं क्या जा रहा है। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी दोनों पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं और सरकार ने पहले उनके उपर घर खाली करने का दबाव बनाया और अब पूरे परिवार की सुरक्षा में कटौती कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है और इसमें जनता जनार्दन होती है, जो सब देख रही है।

श्री यादव ने कहा कि राजग सरकार अपनी बड़ी संख्या में सीटें गिन रही है, लेकिन यह भूल गई है कि इस प्रदेश में विपक्ष एक करोड़ नब्बे लाख लोगों के मतों का प्रतिनिधि है और उसको ख़ारिज करना भविष्य में मंहगा पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अभी तो शुरुआत है और लालू-राबड़ी परिवार के लोगों की ओर से सुरक्षा वापस लौटने के साहसिक फैसले बाद विपक्ष के और भी नेता इस मुहिम में शामिल होंगे और सरकार के मंसूबों की पोल खोलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित