पटना , मई 29 -- बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए एक बार फिर नोटिस जारी किया गया है। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को यह नोटिस जारी करते हुए श्रीमति राबड़ी देवीआवास शीघ्र खाली करने को कहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड का आवंटन बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम के नाम किया जा चुका है। विभाग का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास पहले ही आवंटित किया जा चुका है।

संयुक्त सचिव-सह-भू संपदा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राबड़ी देवी 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास का अधिग्रहण करें और 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास तत्काल खाली करें। पत्र में यह भी लिखा गया है कि इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की मंजूरी प्राप्त है।

वहीँ राबड़ी आवास खाली करने के नोटिस पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि इस बंगले के आबंटन को लगभग 20 साल से ज्यदा हो गया, लेकिन अब इसे किसी अन्य के नाम से आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी कौन सी परिस्थिति आ गई कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बंगले को खाली करने की आवश्यकता पड़ गयी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बंगला भी उसी रोड में है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता सत्ता की हनक दिखाना चाहते हैं, इसलिए यह नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करते हुए राबड़ी देवी को अपमानित करने की कोशिश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नवंबर 2025 में बंगला खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। लालू-राबड़ी परिवार लंबे समय से 10, सर्कुलर रोड आवास में रह रहा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित