पटना , मई 30 -- बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार को सरकारी आवास खाली करने के आदेश को मानने से इनकार करते हुए राज्य सरकार को खुली चुनौती दी और कहा कि वह 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला नहीं छोड़ेंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बंगला खाली करने के आदेश को चुनौती दी और कहा कि यदि सरकार इस खाली कराना चाहती है, तो बल प्रयोग करके इसे अपने कब्जे में ले सकती है।
पटना हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद आज राबड़ी देवी ने राज्य सरकार की ओर से जारी अंतिम बेदखली नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और संवाददाताओं से कहा कि यह आवास उनके परिवार की राजनीतिक यात्रा और पहचान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार बंगला खाली कराना चाहती है तो "फोर्स भेजकर खाली करा ले।"राबड़ी देवी के इस बयान से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच पहले से चल रहा राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब राज्य सरकार ने गुरुवार को अंतिम नोटिस जारी कर राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया। यह आवास बिहार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय कहा कि 10, सर्कुलर रोड का यह बंगला वर्ष 2005 से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार का निवास रहा है। इसे राजद का राजनीतिक मुख्यालय भी माना जाता है। पिछले दो दशकों में पार्टी के कई महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसले और पारिवारिक कार्यक्रम इसी आवास से जुड़े रहे हैं, जिससे यह राजद की राजनीतिक विरासत का प्रतीक बन गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित