गोरखपुर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र स्थित राप्ती नदी में मंगलवार को नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में देर शाम तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

पुलिस के अनुसार तुर्कमानपुर क्षेत्र के रहने वाले निक्कू (15), सत्ती (15) और इरफान राप्ती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। देखते ही देखते तीनों नदी में लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते हुए एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।

काफी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने पहले निक्कू और सत्ती के शव नदी से बाहर निकाले। इसके बाद तीसरे किशोर इरफान की तलाश के लिए अभियान जारी रखा गया। देर शाम इरफान का शव भी बरामद कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित