हरिद्वार , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने रविवार को व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान विष्णुलोक कॉलोनी, सलेमपुर और सुमननगर क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों और संदिग्धों की सघन जांच की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर किरायेदारों, मजदूरों, रेहड़ी-ठेली संचालकों, कबाड़ियों तथा अन्य बाहरी लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान कुल 160 व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया गया।

जांच में लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले छह मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत 60,000 रुपये के कोर्ट चालान किए। वहीं बिना सत्यापन संदिग्ध रूप से घूम रहे नौ व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 के अंतर्गत 2,250 रुपये के चालान किए गए।

अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्रवासियों, विशेषकर मकान मालिकों को जागरूक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक चरण सिंह (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार (चौकी प्रभारी सुमननगर), उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार व रीना कुंवर सहित पूरी रानीपुर पुलिस टीम सक्रिय रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित