जयपुर , अप्रैल 23 -- उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन के मुख्य आतिथ्य में 25 अप्रैल को राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर का 35वां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जायेगा।

विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रोफेसर अल्पना कटेजा ने गुरुवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि यह समारोह शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के दीक्षान्त केन्द्र में आयोजित होगा, जो इस वर्ष केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि नारी शक्ति, नेतृत्व और राष्ट्रीय गौरव का अद्वितीय संगम बनकर उभरेगा। प्रोफेसर कटेजा ने बताया कि श्री राधाकृष्णन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेम चंद बैरवा एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 232 विद्यार्थियों को 250 स्वर्ण पदक दिए जायेंगे जिनमें परीक्षा वर्ष 2024 में 118 विद्यार्थियों को 127 एवं परीक्षा वर्ष 2025 के लिए 114 विद्यार्थियों को 123 स्वर्ण पदक प्रदान किये जायेंगे। इनमें लड़कियां लड़कों से आगे हैं और 185 छात्राएं स्वर्ण पदक प्राप्त करेगी। इस अवसर पर दो लाख 71 हजार 710 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगी, जिनमें विश्वविद्यालय की वर्ष 2024 एवं 2025 में आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में सफल परीक्षार्थियों तथा गत वर्ष एक मार्च से गत 28 फरवरी तक स्वीकृत की गयी पीएच.डी एवं डी.लिट उपाधियां शामिल हैं। इनमें एक डी लिट, 300 पीएच डी एवं दो लाख 71 हजार 409 स्नातक एवं स्नातकोत्तर एवं अन्य उपाधियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष का दीक्षान्त समारोह भारतीय सेना के सैन्य वाद्य-वृंद की ओजस्वी धुनों के साथआरंभ होगा। इस दीक्षान्त समारोह की सबसे प्रेरणादायक विशेषता यह है कि विश्वविद्यालय का शासन, प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंधन तीनों ही क्षेत्रों में महिला नेतृत्व अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव भी आयोजित किया जायेगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित