नयी दिल्ली , अप्रैल 18 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रविवार से दो दिन की श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर होंगे ।

उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह भारत के उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति श्रीलंका के राष्ट्रपति महामहिम अनुरा कुमारा दिसानायका से मुलाकात करेंगे। वह रविवार को श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मिलेंगे। वह भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

उपराष्ट्रपति कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित तमिल समुदायों के लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से आवास सौंपेंगे। इसके साथ ही तमिल समुदायों के लिए कुल आवासों की संख्या 50,000 हो जाएगी, और परियोजना के चौथे चरण में 10,000 और आवासों का निर्माण किया जा रहा है।वह 20 अप्रैल को नुवारा एलिया की यात्रा करेंगे, भारतीय आवास परियोजनाओं का दौरा करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।

यह दौरा दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए उच्च स्तरीय सम्मेलनों के बाद हो रहा है और इससे भारत और श्रीलंका के बीच हजारों साल पुराने सभ्यतागत और जन-संबंधों को और मजबूत होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित