नयी दिल्ली , अगस्त 29 -- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को बेंगलुरु में कर्नाटक विधान सभा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े की 100वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्री राधाकृष्णन ने श्री हेगड़े को महान राजनेता, राष्ट्रवादी और सशक्त नेतृत्व करने वाले बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कर्नाटक सुशासन का मॉडल बना। उन्होंने विकेंद्रीकरण और 1985 के कर्नाटक जिला परिषद, तालुक पंचायत समिति, मंडल पंचायत और न्याय पंचायत अधिनियम में श्री हेगड़े के योगदान को रेखांकित किया, जिसे बाद में 73वें संविधान संशोधन से और मजबूती मिली।
उन्होंने कर्नाटक लोकायुक्त को मजबूत करने में भी श्री हेगड़े की भूमिका और सार्वजनिक पद को जनता के विश्वास की जिम्मेदारी मानने की उनकी सोच को भी याद किया। उप राष्ट्रपति ने युवाओं से दिवंगत नेता की ईमानदारी, साहस और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने तथा 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित