श्रीगंगानगर , फरवरी 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती घड़साना थाना क्षेत्र में मां के पास सो रही ढाई महीने की बच्ची का शव पानी की टंकी में मिला।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नई मंडी के चक 9 एमडी सतराना गांव में गांव निवासी मदनलाल मेघवाल पुलिस को शिकायत की कि सोमवार देर रात करीब एक बजे उनकी पुत्रवधू ने बच्ची को दूध पिलाया और फिर सो गई। तड़के करीब साढ़े चार बजे जब पुत्रवधू की नींद खुली तो बगल में बच्ची नहीं थी। इससे वह हैरान रह गई और तुरंत घर के अन्य सदस्यों को जगाया।
पूरे घर में तलाश शुरू की गई तो बच्ची का पहना हुआ लंगोट (पोतड़ा) घर के बाहर की तरफ बनी पानी की टंकी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जब टंकी को अच्छे से देखा गया तो उसमें बच्ची की नन्ही लाश भी तैरती हुई मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ के खिलाफ हत्या के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बच्ची की मां, दादी और दादा से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित