बैतूल , जून 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक कोरकू गीतों और जनजातीय नृत्यों से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी "गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो" भजन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शिपा शनवारे ने उन्हें राखी बांधी, जबकि मुख्यमंत्री ने बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों का स्नेह और विश्वास उन्हें जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जोड़कर रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 25 गाय अथवा 25 भैंसों के लिए 40 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 10 लाख रुपये का वहन सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी की खरीदी समर्थन मूल्य पर जारी रहेगी तथा कुकरू क्षेत्र में उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने और पशुशेड निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि सखी, जेंडर सखी तथा पशुपालन जैसी गतिविधियों से अनेक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को स्वयं सहायता समूहों को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जोड़ने तथा आजीविका भवन और कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए पेयजल संकट के समाधान के लिए तालाब निर्माण, बालिका छात्रावास की स्वीकृति, जामूखेड़ी मार्ग तथा बुंदियाखुर्द पुलिया निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों की ई-केवाईसी शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची से बचने, सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने तथा मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने की अपील की। साथ ही दिव्यांग व्यक्ति की स्वरोजगार संबंधी मांग पर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने और रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित