हरिद्वार , जुलाई 09 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव में जलभराव के बीच एक निर्माणाधीन मकान में रातभर फंसे पिता-पुत्र को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने गुरुवार को सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुड़की कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बसेड़ी स्थित एक निर्माणाधीन मकान के चारों ओर भारी जलभराव होने से दो व्यक्ति मंगलवार रात से उसमें फंसे हुए हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का आकलन किया और जलभराव के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू के दौरान पता चला कि दोनों व्यक्ति पिता-पुत्र हैं, जो निर्माणाधीन मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। अचानक जलस्तर बढ़ने से वे पूरी रात मकान में ही फंसे रहे। एसडीआरएफ की त्वरित और पेशेवर कार्रवाई के कारण दोनों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया गया।
रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों के नाम श्री राम (60) और उनके पुत्र संजय (40) हैं और वह लक्सर के सिमली ग्राम के रहने वाले हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और दक्षता की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित