फगवाड़ा , जुलाई 07 -- श्री गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित वर्षभर के कार्यक्रमों के तहत सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल ने मंगलवार को फगवाड़ा से विशेष डॉक्यूमेंट्री वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन गांव-गांव जाकर श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उपदेशों और दर्शन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर सांसद डॉ चब्बेवाल ने बताया कि पंजाब सरकार ने कपूरथला जिले के लिए दो विशेष डॉक्यूमेंट्री वैन तैनात की हैं। प्रत्येक वैन प्रतिदिन दो गांवों का दौरा करेगी और लोगों तक श्री गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय, भक्ति और विश्व बंधुत्व के संदेश को पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में ये वैन फगवाड़ा और भुलत्थ उपमंडल के गांवों में जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन विशेष रूप से तैयार की गयी वैन में एलईडी स्क्रीन लगायी गयी हैं, जिन पर श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु जी की शिक्षाओं से जोड़ना और उन्हें भेदभाव रहित तथा सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

डॉ चब्बेवाल ने कहा कि यह अभियान पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने जाति भेदभाव और सामाजिक असमानता से मुक्त समानतापूर्ण समाज का सपना देखा था। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं।

सांसद ने जिले के लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इस डॉक्यूमेंट्री को देखें और श्री गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनायें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों तक संत रविदास जी की आध्यात्मिक और सामाजिक विरासत को संरक्षित एवं प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित