चंडीगढ़ , मार्च 17 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने मंगलवार को बताया कि 'साडे बुज़ुर्ग साडा माण' पहल के तहत आयोजित राज्य स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविरों के दौरान लगभग 37,000 बुजुर्ग नागरिकों का पंजीकरण किया है।
डॉ कौर ने कहा कि पंजाब सरकार अपने बुजुर्ग नागरिकों को एक मूल्यवान संपत्ति मानती है और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बुजुर्ग नागरिक हमारे परिवार और समाज की नींव हैं, जिनके अनुभव भावी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार और समाज दोनों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे सम्मान और देखभाल के साथ जीवन जी सकें। इन शिविरों में आंखों की जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग, हड्डी रोग परीक्षण, ईएनटी (नाक, कान, गला) जांच, फिजियोथेरेपी और विशेषज्ञों द्वारा मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन जैसी व्यापक सेवाएं प्रदान की गयीं।
डॉ. कौर ने बताया कि सहायक उपकरणों के लिए 418 लाभार्थियों की पहचान की गयी और उन्हें आवश्यक सहायता उपकरण वितरित किये गये। इसके अतिरिक्त, बुजुर्गों की दृष्टि में सुधार के लिए 3,014 चश्मे भी प्रदान किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित