चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- हरियाणा के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल टूर्नामेंट्स (2026-27) के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम में बदलाव किया है। जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ) के अनुरोध के बाद विभाग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
अधीक्षक (सीसीए) ने माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक, हरियाणा, पंचकूला की ओर से प्रदेश के सभी डीईओ और डीईईओ को नए कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
खिलाड़ियों के लिए रोडवेज बसों की सुविधा: विभाग ने आदेश की प्रति सभी जिला उपायुक्तों, जिला खेल अधिकारियों और राज्य परिवहन महानिदेशक को भेजी है। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि दूसरे जिलों से आने-जाने वाले खिलाड़ियों के लिए आवश्यकता के अनुसार रोडवेज बसों की निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
सहायक निदेशक (नॉन-सिविल) ने निर्देश दिए हैं कि डीईईओ प्रतियोगिताओं के संचालन, खिलाड़ियों के खान-पान और ठहरने से संबंधित खर्च अपने निर्धारित बजट और संबंधित स्कीम से जारी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित