राजनांदगांव , सितम्बर 25 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शुक्रवार को बैडमिंटन, योगासन और हॉकी के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बैडमिंटन के 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर और रायपुर ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 27 सितम्बर तक किया जा रहा है, जिसमें बस्तर, बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर और मेजबान दुर्ग संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। हॉकी के 17 वर्ष बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले गुरुनानक स्कूल तथा योगासन, बैडमिंटन और क्रिकेट के मुकाबले दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं।
बैडमिंटन के 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने रायपुर को 2-0, दुर्ग ने सरगुजा को 2-0, बस्तर ने सरगुजा को 2-1 और दुर्ग ने बस्तर को 2-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में बिलासपुर ने बस्तर को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में रायपुर ने दुर्ग को 2-1 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
ट्रेडिशनल योगासन व्यक्तिगत स्पर्धा के 14 वर्ष बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग ने पहला, दुर्ग ने दूसरा और बिलासपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। 17 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय रहा। बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और दुर्ग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह 19 वर्ष बालक वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन व्यक्तिगत स्पर्धा में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में भी रायपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बिलासपुर दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा।
हॉकी के 17 वर्ष बालक वर्ग में सरगुजा और बिलासपुर के बीच मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। बस्तर और रायपुर के बीच मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं दुर्ग ने बस्तर को 6-0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया।
बालिका 17 वर्ष हॉकी में बिलासपुर ने सरगुजा को 3-2 से हराया। बस्तर ने रायपुर को 4-1 से पराजित किया, जबकि दुर्ग ने बस्तर पर 3-0 से जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 27 सितम्बर को होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित