गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही , अगस्त 18 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को रिमझिम फुहारों के बीच 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज हुआ।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में ध्वजारोहण कर चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 540 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 21 अगस्त तक चलेगी।

उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। अलग-अलग रंगों की पोशाक में सजे खिलाड़ियों की टुकड़ियों ने अनुशासन के साथ मैदान में मार्च किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने प्रतिभागियों को खेल नियमों का पालन करते हुए अनुशासन, निष्ठा और खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल को देखने का नजरिया बदल चुका है और खेल में व्यक्ति या तो जीतता है या सीखता है। खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने खिलाड़ियों से तनाव और अवसाद से मुक्त होकर आत्मविश्वास तथा खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के तहत जिम्नास्टिक में बालक एवं बालिका, कबड्डी में बालिका, क्रिकेट में बालक तथा ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका वर्ग की स्पर्धाएं होंगी। जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताएं जिम्नास्टिक हॉल गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट की फिजिकल कॉलेज मैदान एवं गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो की जनपद सभागार पेण्ड्रा और कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर फिजिकल कॉलेज मैदान में खेल एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए नया मंच बनाने के लिए कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। श्री साहू ने 10 लाख रुपये और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, पेण्ड्रा नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान, गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, गौरेला जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, मरवाही जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी कुशरो, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे और जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित