पटना , मार्च 20 -- बिहार विधान सभा के केन्द्रीय सभागार (सेंट्रल हॉल) में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया, जिसमे पूर्वी चंपारण के हिमांशु, भागलपुर के नौशाद और पटना की आयुषी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल हुआ।

मेरा युवा भारत, पटना एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में गठित जूरी टीम ने किया।

इस जूरी टीम में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर एवं सूचना प्रावैधिकी तथा खेल विभाग की मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के साथ विधायक नीतीश मिश्रा, राणा रणधीर, मंजीत कुमार सिंह, श्रीमती संगीता कुमारी, श्रीमती दीपा कुमारी, बाबुलाल शौर्य, शुभानंद मुकेश एवं सचिव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग कौशल किशोर, शामिल थे ।

इस युवा संसद में वक्तृता के लिए प्रथम स्थान पूर्वी चंपारण जिले के हिमांशु कुमार, द्वितीय स्थान भागलपुर के मो. नौशाद करीम ने और तृतीय स्थान पटना जिले की आयुषी आर्या ने प्राप्त किया। चयनित तीनों प्रतिभागियों को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर एवं जूरी के सदस्यों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इन तीनों प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। युवा संसद में शामिल शेष प्रतिभागियों को भी जूरी के सम्मानित सदस्यों ने भागीदारी का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित