पौड़ी , अक्टूबर, 24 -- उत्तराखंड में पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून दूसरे और मेजबान पौड़ी तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-14 वर्ग में अल्मोड़ा के यश बिष्ट ने पहला स्थान हासिल किया। ऊधमसिंह नगर के अद्विक शाह दूसरे, रुद्रप्रयाग के अभिनव तरवारा तीसरे और देहरादून के आरव चौथे स्थान पर रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित