रामगढ़ , अप्रैल 02 -- झारखंड के रामगढ़ जिला ने जी.सी.ई.आर.टी., रांची में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता(एफएलएन) चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा सचिव उमा शंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन तथा वर्ड पावर चैंपियनशिप के सीईओ प्राणिल नायक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में राज्यभर से करीब 700 बच्चों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का सेमीफाइनल जे.सी.ई.आर.टी., रांची में आयोजित किया गया, जबकि फाइनल राउंड डोरंडा स्थित शौर्य भवन में संपन्न हुआ। फाइनल में रामगढ़ के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए। छावनी बालिका मध्य विद्यालय, सुभाष चौक के लक्ष्य वर्णवाल ने वर्ग 3 में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं छावनी मध्य विद्यालय, नईसराई की जिया प्रवीण ने वर्ग 5 हिंदी में द्वितीय स्थान हासिल किया। छावनी बालिका मध्य विद्यालय की जया कुमारी ने गणित में चौथा स्थान तथा मध्य विद्यालय भरेचनगर, मांडू के दीपक कुमार ने गणित में पांचवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले से कुल 9 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करती हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

वहीं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों, सीआरपी एवं विद्यार्थियों के सतत परिश्रम और नियमित मॉनिटरिंग को दिया। इस अवसर पर एसपीएमयू, रूम टू रीड के जिला समन्वयक आदित्य कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित