चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एवं सिख चिंतक प्रो. सरचांद सिंह ख्याला ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सिख मामलों, बंदी सिंहों की रिहाई, बेअदबी मामलों में न्याय, कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, नशे की समस्या, किसानों की चिंताओं, युवाओं के भविष्य और पंजाब के समग्र विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रो. ख्याला ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले चंडीगढ़ के बजाय दिल्ली से लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पंजाब के हितों के बजाय अपने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने में लगी हुई है।
श्री ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब विकास के बजाय कर्ज, अराजकता, धरनों और निराशा का प्रतीक बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किये गये बड़े-बड़े वादे पूरे नहीं हुए और आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, पेंशनर, युवा, व्यापारी और शिक्षक सहित लगभग हर वर्ग अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) नहीं मिल रहा, लाखों पेंशनभोगियों को समय पर पेंशन नहीं दी जा रही और कई मामलों में उच्च न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें विधानसभा का घेराव करने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सहायक प्रोफेसरों, लाइब्रेरियनों, सफाई कर्मचारियों और किसानों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उनके अनुसार लोकतांत्रिक संवाद के स्थान पर दमन की नीति अपनाना सरकार की विफलता का प्रमाण है।
भाजपा कार्यालय पर हाल ही में हुए हमले का उल्लेख करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल का कार्यालय सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एक ओर राज्य का खजाना भरपूर होने का दावा करते हैं, जबकि दूसरी ओर पंजाब पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए भेजे गये धन का पारदर्शी हिसाब नहीं दिया गया है और बेअदबी के मामलों में भी दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि अब जनता केवल दावों और विज्ञापनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि सरकार से उसके वादों और कार्यों का हिसाब मांगेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मिशन-2027 के तहत यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य में कानून का राज, नशा और गैंगस्टर मुक्त वातावरण, किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर तथा सभी वर्गों के लिए न्याय और विकास सुनिश्चित किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित