जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान के उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश मेंसड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा प्रदेश भर में 27.61 लाख चालान बनाये गये हैं।
डाॅ बैरवा प्रश्न काल में विधायक कल्पना देवी के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल होने पर 50 हजार और मृत्यु पर पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर गत वर्ष बनाये गये चालानों में तेज गति के 12.06 लाख, बिना हेलमेट 5.23 लाख, बिना सीट बेल्ट के 1.96 लाख, नशे में वाहन चलाने के 69 हजार चालान किये गये। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में 10.13 लाख अधिक चालान बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में परिवहन विभाग द्वारा 6.95 लाख चालान बनाये गये हैं।
उन्होंने सदन को बताया कि कोटा जिले में वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा तेज गति के एक लाख 14 हजार 525, बिना हेलमेट के 19 हजार 360, बिना सीट बेल्ट के 9 हजार 457, नशे में वाहन चलाने के तीन हजार 881 चालान बनाये गये हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों के आस पास भारी वाहनों और तेज गति के मामलों के संबंध में जिला स्तरीय दल से विशेष जांच करायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत प्रदेश में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति कार्यरत है, जिसकी नियमित बैठकों में जिले से संबंधित सड़क सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक निर्णय लिए जाते हैं। इसी प्रकार उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में उपखंड स्तर पर भी सड़क सुरक्षा समितियां गठित हैं, जो स्थानीय स्तर पर दुर्घटना रोकथाम एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े विषयों पर कार्य करती हैं।
डॉ बैरवा ने बताया कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों एवं चिकित्सालयों के आस-पास निर्धारित गति सीमा उल्लघंन के गत तीन वर्षों ( एक जनवरी 2023 से दिसम्बर 2025 तक) में ओवर स्पीड दुर्घटनाओं के कुल 15 प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें कुल 16 व्यक्ति घायल एवं एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित