भागलपुर, अगस्त 08 -- बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार बड़ी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रदेश के सभी पुलों की जांच करवा रही है।

श्री शैलेन्द्र ने शनिवार को जिले के कहलगांव के पास राष्ट्रीय उच मार्ग - अस्सी पर स्थित क्षतिग्रस्त कोआ पुल का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी छोटे-बड़े पुलो की जांच पड़ताल की जा रही है और जो ज्यादा खराब हालत में हैं, उनको नष्ट किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि जो पुल मरम्मत के लायक हैं, उनको जाँच के बाद ठीक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी पुलों का हेल्थ कार्ड नयी तकनीक से बन रहा है। अब हर पुल का क्यूआर कोड रहेगा, जिसको सर्च कर कोई भी व्यक्ति पुल की वर्तमान स्थिति की जानकारी ले सकता है।ऐसी व्यवस्था से आमलोगों को सड़क मार्ग से सफर करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि कहलगांव के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग-80 पर स्थित क्षतिग्रस्त कोआ पुल की जांच की गयी है। उन्होंने कहा कि इसमें तकनीकी खराबी होने के कारण बड़े- छोटे सभी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पुल का मरम्मत नये सिरे से निर्माण पथ निर्माण विभाग कराएगा,म क्योंकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग विभाग की रखरखाव संबंधी कार्य की अवधि समाप्त हो गयी है।

श्री शैलेन्द्र ने बताया कि कोआ पुल के पुनर्निर्माण के लिए इसकी फिजीबिलिटी जांच कर डीपीआर शीघ्र तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में वह जल्द मुख्यमंत्री से मिलेंगे।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक शुभानंद मुकेश एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित