पटना , फरवरी 03 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा और जन-आकांक्षाओं से जुड़ा आम बजट पेश किया है।

श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि तीन लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का यह बजट न सिर्फ आकार में ऐतिहासिक है, बल्कि बिहार को समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक मजबूती की दिशा में नई ऊंचाई पर ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में बजट में लगभग 30 हजार करोड़ से अधिक की वृद्धि यह दर्शाती है कि राज्य की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है और विकास की रफ्तार तेज है।

जदयू नेता ने कहा कि राज्य सरकार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने स्पष्ट किया है कि सरकार का लक्ष्य ''सबका सम्मानदृजीवन आसान'' की सोच को धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की नीतियों पर जनता का भरोसा और निवेश दोनों बढ़े हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि इस बजट में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल और उच्च शिक्षा के लिए 68,216 करोड़ से अधिक का प्रावधान कर सरकार ने यह साफ संदेश दिया है कि बिहार का भविष्य शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा है। साथ ही हर पंचायत में मॉडल स्कूल, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और पीएमसीएच में 1100 बेड की तैयारी जैसे फैसले शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित