रायपुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं से राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं।
विभाग की ओर से स्थापित 12 राज्य स्तरीय सम्मान और एक राष्ट्रीय सम्मान के लिए पात्र प्रतिभाएं निर्धारित प्रारूप में पांच अक्टूबर तक आवेदन कर सकती हैं। चयनित प्रतिभाओं को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
विभाग के अनुसार आवेदन में आवेदक को नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और आयु के साथ प्रस्तावक का विवरण देना होगा। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा और पूर्व में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश तथा जिला स्तर के सम्मान एवं पुरस्कारों की जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी। शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त अनुमति पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
वर्ष 2026 के लिए अलग-अलग विधाओं में सम्मान निर्धारित किए गए हैं। पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान हिंदी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प तथा चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।
देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार लोक नृत्य, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता तथा हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के क्षेत्र में दिया जाएगा। हबीब तनवीर सम्मान के दायरे में छत्तीसगढ़ी, हिंदी और अन्य भाषाओं के नाटक शामिल हैं।
इसी क्रम में देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार पंथी नृत्य, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत और खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।
सिनेमा के क्षेत्र में किशोर साहू सम्मान हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय और पटकथा निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा। वहीं किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान देश के बाहर रहकर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य या आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अप्रवासी भारतीयों को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा।
विभाग ने बताया कि सम्मान के लिए प्रतिभाओं के चयन में संबंधित क्षेत्र में उनके योगदान, उपलब्धियों और दीर्घ साधना को आधार बनाया जाएगा। पात्र कलाकार, साहित्यकार, सांस्कृतिक कर्मी और अन्य प्रतिभाएं निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां पांच अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेज सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित