रायपुर , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ सरकार के संस्कृति विभाग ने कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किए जाने वाले राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। चयनित प्रतिभाओं को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित 'राज्योत्सव 2026' के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
संस्कृति विभाग ने शुक्रवार को बताया कि 12 राज्य स्तरीय सम्मान और एक राष्ट्रीय सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में पांच अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। पात्र आवेदकों को अपनी प्रविष्टियां पंजीकृत डाक से विभाग को भेजनी होंगी।
आवेदन में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, आयु, प्रस्तावक का विवरण और संबंधित क्षेत्र में उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा देना होगा। इसके साथ ही पूर्व में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तरीय सम्मान एवं पुरस्कारों की जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी। शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग का अनुमति पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा।
विभाग के अनुसार पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान हिन्दी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प और चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा। देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार लोक नृत्य, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता तथा हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के क्षेत्र में दिया जाएगा।
इसी तरह देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार पंथी नृत्य, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत और खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।
किशोर साहू सम्मान हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय एवं पटकथा निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा, जबकि किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान देश के बाहर रहकर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य अथवा आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अप्रवासी भारतीयों को दिया जाएगा। डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित