भीलवाड़ा , जुलाई 10 -- राजस्थान में लगातार हो रहे सड़क हादसों, बसों में आग लगने की घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इस अभियान के तहत भीलवाड़ा में लग्जरी और स्लीपर बसों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दल ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर होटल लैंडमार्क ट्रेवल्स परिसर में अचानक दबिश दी।
दल ने यहां खड़ी लग्जरी और स्लीपर बसों की सघनता से जांच की। बसों की जांच में नियमों की गंभीर अनदेखी पाये जाने पर एक बस को मौके पर ही जब्त कर लिया गया, जबकि एक अन्य बस का चालान काटा गया। प्राधिकरण की इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से ट्रेवल्स संचालकों में खलबली मच गयी और इससे स्लीपर एवं लग्जरी बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
औचक निरीक्षण और कार्रवाई का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) देवांगनी ओदीच्य, जिला परिवहन विभाग के अधिकारी और पुलिस विभाग के आला अधिकारी एवं जाब्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित